jaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरटॉप न्यूज़ट्रेंडिंग

मड़ियाहूं पोस्ट ऑफिस में CBI का फिल्मी अंदाज़ में छापा

कर्मचारी, मोबाइल जब्त, दरवाजे सील

जन एक्सप्रेस जौनपुर (मड़ियाहूं)। भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सीबीआई लखनऊ की स्पेशल टीम ने सोमवार को जौनपुर जिले के मड़ियाहूं स्थित डाकघर पर अचानक छापा मारा। दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुई इस छापेमारी के दौरान डाकघर में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन तत्काल जब्त कर लिए गए और पूरे परिसर को पूरी तरह सील कर दिया गया। मुख्य द्वार से लेकर पिछले दरवाजे तक सभी रास्तों को बंद कर टीम ने पूछताछ शुरू कर दी। सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से मड़ियाहूं डाकघर में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिल रही थीं। कहा जा रहा था कि यहां हर काम के बदले रिश्वत ली जाती है — चाहे वह आम उपभोक्ता की पत्र डिलीवरी हो या बैंकिंग सेवाएं। इन शिकायतों की पुष्टि के लिए सीबीआई ने फिल्मी अंदाज़ में पहले खुद ही घूस देने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ कर्मचारियों और अधिकारियों ने वास्तव में रिश्वत लेने की कोशिश की, जिससे ग्रामीणों की शिकायतें सत्य साबित हो गईं। छापेमारी के समय मौके पर मौजूद अधिकारियों से कड़ी पूछताछ की गई। डाक अधीक्षक अंकित कुमार सिंह को भी जांच में शामिल किया गया, जबकि जौनपुर मुख्यालय से शाम 6 बजे तक अन्य उच्चाधिकारियों को पूछताछ के लिए बुला लिया गया। छापेमारी के दौरान मीडिया को डाकघर के भीतर प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जब तक जांच पूरी नहीं होती, कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की जाएगी। शाम तक सीबीआई की टीम डाकघर में मौजूद रही और जांच जारी रही।

यह कार्रवाई न सिर्फ मड़ियाहूं क्षेत्र में हड़कंप का कारण बनी, बल्कि डाक विभाग की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर गई है। अगर जांच में और भी खुलासे होते हैं, तो कई और अधिकारी भी जांच के दायरे में आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button