सीडीओ सान्या छाबड़ा का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन बाधित

जन एक्सप्रेस/हरदोई मुख्य विकास अधिकारी सान्या छाबड़ा द्वारा विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीडीओ ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन तत्काल प्रभाव से बाधित कर दिया और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण में जिला विकास कार्यालय, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांग कल्याण विभाग, डीआरडीए, मनरेगा, एनआरएलएम, कार्यक्रम कार्यालय, लघु सिंचाई, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा नेडा कार्यालय शामिल रहे।
अनुपस्थित पाए गए कर्मियों में मानव कुमार (संविदा सहायक लेखाकार), मदलसा पाण्डेय (कनिष्ठ सहायक), विनय कुमार सिंह (बीएमएम, एनआरएलएम), विनोद कुमार (कनिष्ठ सहायक, लघु सिंचाई), सुनीता देवी (ग्राम पंचायत अधिकारी), रवि बाबू (संविदा लेखाकार) तथा मोहम्मद जान (कम्प्यूटर ऑपरेटर) शामिल हैं। सभी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने विकास भवन परिसर की व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया। उन्होंने पुराना हरदोई नक्शा पुनः पेंट कराकर पोर्टिको में सुव्यवस्थित ढंग से लगाने, गैलरी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सभी कर्मचारियों की नेम प्लेट, कक्ष विवरण एवं सूचना बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही विकास भवन परिसर में दोपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग को दुरुस्त कराने, पीछे स्थित रिक्त भूमि पर शोभाकार पौधारोपण, नियमित सफाई एवं निष्प्रयोज्य सामग्री और अभिलेखों की बीडिंग कर नियमानुसार निस्तारण के निर्देश जिला विकास अधिकारी को दिए गए।
सीडीओ ने सभी कार्यालयों में आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, ई-ऑफिस संचालन, अलमारियों में रखे अभिलेखों की स्थिति का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय डीडीओ कमलेश कुमार, पीडी डीआरडीए अशोक कुमार मौर्य, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सतीश चन्द्र पाठक एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. राम प्रकाश उपस्थित रहे।






