उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

‘‘संवर्धन’’ प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकार मित्रों को मिला न्याय सेवा का मंत्र, 222 पराविधिक स्वयंसेवक हुए प्रशिक्षित

जन एक्सप्रेस/जौनपुर:  उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर के तत्वावधान में पराविधिक स्वयंसेवकों (अधिकार मित्रों) के लिए एक दिवसीय क्लस्टर आधारित ‘‘संवर्धन’’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह (ऑडिटोरियम हॉल) में किया गया। कार्यक्रम में जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, भदोही एवं सुल्तानपुर जनपदों से आए कुल 222 पराविधिक स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जौनपुर सुशील कुमार शशि ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने अध्यक्षीय संबोधन में जनपद न्यायाधीश ने कहा कि पराविधिक स्वयंसेवक समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सहायता पहुँचाने की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा कि इनका प्रशिक्षित, संवेदनशील और जागरूक होना न्याय तक सबकी पहुँच सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।

प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर सौरभ श्रीवास्तव ने उद्घाटन सत्र में कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रशिक्षण के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, डीएलएसए सुल्तानपुर विजय कुमार गुप्ता, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव, डीएलएसए प्रयागराज दिनेश कुमार गौतम, सचिव डीएलएसए भदोही तरुणिमा पाण्डेय सहित कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए अधिकार मित्रों को जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्य करने के लिए मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण सत्रों में प्रतिभागियों को नालसा व यूपीएसएलएसए की योजनाएं, निःशुल्क विधिक सहायता, सुलह एवं मध्यस्थता, महिला व बाल संरक्षण कानून, घरेलू हिंसा, लैंगिक अपराध, अपराध पीड़ित प्रतिकर योजना, जनजागरूकता अभियानों सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
सत्रों के दौरान संवादात्मक चर्चा एवं समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया।

पाक्सो एक्ट से संबंधित जानकारी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट द्वितीय जौनपुर रूपाली सक्सेना ने दी, जबकि नालसा योजनाओं पर विस्तृत जानकारी दिनेश कुमार गौतम द्वारा दी गई।
सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता ने मिशन शक्ति, सहायक परिवीक्षा अधिकारी मुरलीधर गिरि ने जेजे एक्ट तथा स्थायी लोक अदालत की सदस्य रजनी सिंह ने स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से अवगत कराया।

कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी नीरज पटेल, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी अरविन्द प्रभाकर, जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय, सहायक श्रम आयुक्त देवव्रत यादव ने भी अपनी-अपनी विभागीय जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जौनपुर डॉ. दिलीप कुमार सिंह द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर प्रभारी सचिव सौरभ श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अधिकार मित्रों से विधिक जागरूकता और अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनके ज्ञान, कार्यकुशलता और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button