उत्तराखंडदेहरादून

मुख्यमंत्री धामी सख्त: छह माह से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों पर जताई नाराजगी

समयबद्ध समाधान में लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई, सभी शिकायतें "क्रिटिकल" कैटेगरी में

जन एक्सप्रेस/देहरादू(उत्तराखंड) : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीएम हेल्पलाइन 1905 के तहत लंबित शिकायतों को लेकर गहरी नाराजगी जताई है। सचिवालय में गुरुवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने छह माह से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अब लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने सभी पुरानी शिकायतों को “क्रिटिकल कैटेगरी” में रखकर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं ताकि इनका शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि शिकायतों को नो पेंडेंसी के आधार पर तुरंत निस्तारित किया जाए और अनावश्यक रूप से बंद न किया जाए।

“एक दिन-एक तहसील दिवस”, अब राज्य में एक साथ होगा आयोजन
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में एक ही दिन तहसील दिवस आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे स्वयं किसी भी जिले में औचक निरीक्षण कर सकते हैं। इसी तर्ज पर राज्यभर में एक ही दिन थाना दिवस भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने जिलाधिकारियों को जनता दर्शन, तहसील दिवस और बीडीसी बैठकों के नियमित आयोजन के निर्देश दिए।

नकारात्मक फीडबैक पर हो सख्त कार्रवाई, हो साप्ताहिक निगरानी
सीएम ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर मिलने वाले नकारात्मक फीडबैक को नजरअंदाज न किया जाए। इस पर तुरंत कार्रवाई हो और उसकी साप्ताहिक निगरानी की जाए।

पुलिस और प्रशासन चलाएं संयुक्त अभियान: अतिक्रमण और सत्यापन पर जोर
उन्होंने पुलिस और प्रशासन को अतिक्रमण हटाओ अभियान और सत्यापन कार्य प्रभावी रूप से चलाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में दो-दो आदर्श ग्राम विकसित करने के लिए तेजी से कदम उठाने के निर्देश दिए।

इन विभागों की सराहना, इन पर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य करने पर परिवहन, कृषि, समाज कल्याण, आबकारी और ऊर्जा विभाग की सराहना की। वहीं लोक निर्माण विभाग, भूतत्व एवं खनिकर्म, राजस्व, गृह और वित्त विभाग को शिकायतों के निवारण में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button