मुख्य सचिव ने पुलिस कमिश्नर के आदेश को किया निष्प्रभावी
गाजियाबाद में पैठ बाजारों पर रोक हटी, व्यापारियों को बड़ी राहत

जन एक्सप्रेस/गाजियबाद: गाजियाबाद में पुलिस कमिश्नर अजय कुमार मिश्र द्वारा पैठ बाजारों पर लगाई गई रोक को मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने मौखिक आदेश देकर हटाने का निर्देश दिया है। जब तक नगर निगम कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं कर लेता, तब तक पैठ बाजार पहले की तरह चलते रहेंगे। इस फैसले से व्यापारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है।
भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर की बड़ी जीत
भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर ने इस फैसले को रेहड़ी-पटरी व्यापारियों और पैठ बाजार संचालकों की एकता की जीत बताया। उन्होंने पुलिस कमिश्नर के फैसले को तुगलकी फरमान करार देते हुए इसके खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया था। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव को धन्यवाद देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता किसी के भी गलत आदेश को नहीं चलने देंगे।
नंगे पैर मार्च से लखनऊ तक पहुंची गुर्जर की आवाज
विधायक नंद किशोर गुर्जर ने पैठ बाजारों को बचाने के लिए नंगे पैर पैदल मार्च कर जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध दर्ज कराया और प्रशासन पर अवैध वसूली के आरोप लगाए। इस आंदोलन की गूंज लखनऊ तक पहुंची, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ गया। प्रमुख सचिव मनोज कुमार सिंह ने शनिवार को गाजियाबाद पहुंचकर स्पष्ट कर दिया कि पुलिस कमिश्नर के आदेश उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर थे।
प्रशासनिक हलकों में हलचल, व्यापारियों को राहत
प्रमुख सचिव द्वारा पैठ बाजारों को जारी रखने की घोषणा से प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर सवाल उठने के बाद व्यापारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नगर निगम इस मुद्दे का स्थायी समाधान कब तक निकालता है और प्रशासनिक फैसले किस दिशा में आगे बढ़ते हैं।






