उत्तर प्रदेशबस्तीराज्य खबरें

प्रगति और सफलता की ओर कार्यक्रम में तीन जनपदों के बच्चों ने बिखेरा हुनर

मीना मंच और मिशन शक्ति बालिकाओं को सशक्त बनाने का मजबूत माध्यम - एड़ी बेसिक

जन एक्सप्रेस/बस्ती: मंडलीय स्तर पर आयोजित “प्रगति और सफलता की ओर” बाल उत्सव कार्यक्रम उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) बस्ती मंडल संजय शुक्ला तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति ने कार्यक्रम को भावपूर्ण शुरुआत दी।

 तीन जनपदों के छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

मंडल के तीनों जनपद—बस्ती, संतकबीरनगर और सिद्धार्थनगर के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मोबाइल के दुष्प्रभाव, भ्रूण हत्या और नारी सशक्तिकरण जैसे सामाजिक विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं।

 मीना मंच और मिशन शक्ति बने आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम में मीना मंच और मिशन शक्ति से संबंधित आकर्षक रंगोली तथा कॉमिक बुक आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने विशेष रूप से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
“चैंपियन ऑफ चेंज” के रूप में चयनित 20 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

 अधिकारियों ने दिया प्रेरक संदेश

अपने संबोधन में सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) संजय शुक्ला ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनूप कुमार ने इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह बाल उत्सव प्रतिभा, जागरूकता और रचनात्मकता का अद्भुत संगम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button