
जन एक्सप्रेस/चित्रकूट।
हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जन्म जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को चित्रकूट स्पोर्ट क्लब द्वारा छठवीं बार चित्रकूट खेल रत्न सम्मान समारोह 2025 का आयोजन किए जाने के सम्बन्ध में बैठक की गई।
बैठक में जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष व संरक्षक मण्डल के सदस्य तुषार कांत शास्त्री ने समारोह के आयोजन के संबंध में बिंदुवार विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। जिसके बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी चित्रकूट खेल रत्न सम्मान समारोह 2025 दिव्यता एवं भव्यता के साथ नगर मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनपद के जनपद के वरिष्ठ खिलाड़ियों सहित वर्तमान में विभिन्न खेल प्रतिस्पर्धाओं में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। मुख्य संरक्षक पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र ने समारोह के संबंध में एक विस्तृत रूपरेखा बनाने एवं उसके क्रियान्वयन के लिए सुझाव दिए। इस दौरान सर्वसम्मति से क्लब के संरक्षक वरिष्ठ समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार विवेक अग्रवाल को आगामी चित्रकूट खेल रत्न सम्मान समारोह 2025 की आयोजन समिति का कार्यक्रम संयोजक एवं जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल को कार्यक्रम समिति का अध्यक्ष बनाया गया।
इस मौके पर राष्ट्रीय हॉकी कोच प्रेमशंकर शुक्ला, चित्रकूट स्पोर्ट क्लब के संयोजक कमलेश कुमार, वरिष्ठ समाजसेवी राममनोहर वर्मा, पूर्व बैडमिंटन खिलाड़ी उमेश मौर्य, वरिष्ठ वॉलीबॉल खिलाड़ी राजकुमार निषाद, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी एवं सेवा निवृत लेखाकार मोहम्मद अख्तर, क्लब के सदस्य कमरुल इस्लाम, अशोक सेन, महेश प्रजापति, शशिभूषण सिंह, मनीष, रमाकांत कुशवाहा आदि मौजूद रहे।






