चित्रकूट में तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से तीन की मौत

जन एक्सप्रैस/चित्रकूट: जनपद चित्रकूट में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अब तक तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासन मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में जुट गया है।
जानकारी के अनुसार सदर तहसील के पतोड़ा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मानिकपुर तहसील के कुई गांव में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान जिले के कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरी, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रशासन द्वारा मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है, साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है।






