सीएम योगी का बड़ा तोहफा: ग्रामीण रोडवेज बसों का किराया 20% कम
परिवहन विभाग की नई पहल से गांवों तक आसान और सस्ती पहुंचेगी यात्रा, ड्राइवर-कंडक्टर को मिलेगा ज्यादा आर्थिक लाभ

जन एक्सप्रेस लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदेशवासियों को बड़ी सौगात दी। सीएम ने ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण जनता बस सेवा’ की शुरुआत करते हुए ऐलान किया कि इन बसों में यात्रियों को 20 प्रतिशत तक कम किराया देना होगा। इस नई पहल के तहत कुल 250 बसें लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में चलाई जाएंगी, जो गांवों को शहरों से जोड़ेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए सस्ती और सुविधाजनक यात्रा
इन जनता सेवा बसों में प्रति किलोमीटर किराया ₹1.04 तय किया गया है, जबकि सामान्य रोडवेज बसों में यह ₹1.30 प्रति किमी है। यानी अगर कोई यात्रा ₹100 की है, तो अब यात्रियों को सिर्फ ₹80 देने होंगे। हर डिपो की कुल बसों में से 10% बसें ‘जनता सेवा’ के तहत चलाई जाएंगी, जो 75–80 किमी के दायरे में आने वाले ग्रामीण इलाकों को कवर करेंगी।
चालक-परिचालकों को मिलेगा प्रोत्साहन और ज्यादा भुगतान
इस सेवा में कार्यरत चालक और परिचालकों को प्रति किमी ₹2.18 की दर से भुगतान होगा, जबकि सामान्य बसों में यह ₹2.06 है। इसके अलावा यदि वे लगातार 26 दिन बस चलाते हैं, तो ₹5,000 का प्रोत्साहन भी मिलेगा। साथ ही, 80% से ज्यादा लोड फैक्टर होने पर ड्राइवर और कंडक्टर को कमाई का 50-50 फीसदी कमीशन भी मिलेगा।
RTO सेवाओं के लिए 1.5 लाख जन सुविधा केंद्रों का उद्घाटन
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आरटीओ से जुड़ी 48 सेवाओं के लिए 1.50 लाख जन सुविधा केंद्रों का भी उद्घाटन किया, जहां लोग आसानी से परिवहन से संबंधित कार्य करा सकेंगे।
नई तकनीक और सुरक्षा पर जोर
कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि परिवहन विभाग समय का साथी है और हर चुनौती से जूझने को तैयार है। उन्होंने ड्राइवरों की हर तीन महीने में मेडिकल जांच को अनिवार्य बनाने पर जोर देते हुए कहा कि अंदाजे से नहीं, जिम्मेदारी से बस चलाई जानी चाहिए। सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में अभियान चलाने की बात भी कही।
सात नए बस स्टेशनों का शिलान्यास, 54 वर्ल्ड क्लास बस अड्डे बनेंगे
कार्यक्रम में सीएम योगी ने सात नए बस स्टेशनों का शिलान्यास भी किया और घोषणा की कि जल्द ही प्रदेश में 54 वर्ल्ड क्लास बस स्टॉप्स बनाए जाएंगे। IIT खड़गपुर के साथ हुए MOU से परिवहन विभाग तकनीकी रूप से और भी सक्षम होगा।
इलेक्ट्रिक और CNG बसों की सौगात
इस अवसर पर आठ एसी डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें, 16 इलेक्ट्रिक बसें, एक रेट्रोफिटेड इलेक्ट्रिक बस, 10 CNG बसें, दो अन्य श्रेणी की एसी बसें, टाटा और आयशर कंपनियों की कुल 63 बसों के साथ 400 बीएस-6 मानक की बसों को हरी झंडी दिखाई गई। साथ ही 11 इंटरसेप्टर वाहनों की भी शुरुआत हुई।
छोटे व्यापारियों और ग्रामीण जनता को लाभ
ग्रामीण जनता सेवा योजना से गांवों में रहने वाले छोटे व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को बहुत फायदा होगा। फल, सब्जी, दूध जैसे उत्पादों को बाजार तक लाना अब सस्ता और आसान होगा।
योगी सरकार की परिवहन क्रांति
परिवहन विभाग की इस नई शुरुआत को योगी सरकार की ‘सस्ता सफर – सुरक्षित सफर’ की नीति का हिस्सा बताया जा रहा है। सपा सरकार की ‘लोहिया ग्रामीण सेवा’ की तर्ज पर चलाई जा रही यह योजना ग्रामीण परिवहन में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है।






