चारागाह समतलीकरण में धांधली को लेकर श्रम रोजगार उपायुक्त से शिकायत

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी। गांव में मनरेगा योजना के तहत चारागाह समतलीकरण कार्य में धांधली का आरोप लगाते हुए ग्रामीण प्रवेश कुमार द्वारा उपायुक्त श्रम रोजगार के यहां शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद मंगलवार को सहायक अभियंता ग्रामीण की अगुवाई में एक जांच टीम ने गांव पहुंचकर स्थलीय सत्यापन किया। जांच टीम ने पंचायत भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर अभिलेखों का गहन अवलोकन कर ग्रामीणों के बयान दर्ज किया ।
सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण आनंद कुमार श्रीवास्तव जिला विद्यालय निरीक्षक के प्रतिनिधि राजकीय इंटर कॉलेज सिरौलीगौसपुर के प्राचार्य डॉ विजय कृष्ण यादव सहायक अभियंता मनीष त्रिपाठी की संयुक्त जांच टीम ने ग्राम प्रधान शिवा मिश्रा पंचायत सचिव राजेश कुमार अवर अभियंता ग्रामीण केके वर्मा के साथ चारागाह में कार्य करने वाले मनरेगा मजदूरों का बयान भी दर्ज किया । जांच टीम के द्वारा शिकायतकर्ता परवेश कुमार को मौके पर जांच के दौरान उपस्थित रहने के लिए कई बार बुलवाया गया किंतु शिकायतकर्ता मौके पर नही पहुचा।
वहीं शिकायतकर्ता द्वारा जिन मनरेगा मजदूरों के नाम विना काम के पैसा निकालने का आरोप लगाया गया था । जांच के दौरान उनके नाम मास्टर रोल में दर्ज ही नहीं थे। जांच टीम द्वारा कई घंटों तक शिकायत के सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच पड़ताल की गई । इस दौरान तकनीकी सहायक गुलाम यजदानी, रोजगार सेवक रमाकांत,अंजनी कुमार, शकील अहमद, आदि लोग मौजूद रहे।






