:जौनपुरउत्तर प्रदेश

यूपी-112 ने चलाया जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक और एलईडी वैन से लोगों को दी सुरक्षा की जानकारी

जन एक्सप्रेस /जौनपुर/जौनपुर सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता को मजबूत करने और पुलिस सेवाओं के प्रति आमजन का भरोसा बढ़ाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पुलिस की आपात सेवा यूपी-112 द्वारा जनपद जौनपुर में दो दिवसीय विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान “जन-जागरूकता की बात, जन-जन के साथ” थीम पर पुलिस महानिदेशक यूपी-112 श्रीमती नीरा रावत के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित किया जा रहा है।अभियान के तहत जौनपुर पुलिस डायल-112 की टीम द्वारा यूपी-112 मुख्यालय के निर्देशानुसार थाना केराकत, थाना गौराबादशाहपुर एवं थाना शाहगंज क्षेत्र के विभिन्न कस्बों और प्रमुख स्थलों पर नुक्कड़ नाटक दल एवं एलईडी वीडियो वैन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

कस्बा केराकत में महिला सुरक्षा पर रहा विशेष फोकस
थाना केराकत क्षेत्र के कस्बा केराकत में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूपी-112 टीम ने नुक्कड़ नाटक और संवादात्मक सत्र के माध्यम से महिला सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए जागरूकता फैलाई। महिलाओं और पुरुषों को उदाहरणों के माध्यम से बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल करने पर पुलिस किस प्रकार त्वरित सहायता उपलब्ध कराती है। एलईडी वैन के जरिए कॉल रिस्पॉन्स सिस्टम और महिला सुरक्षा सेवाओं की जानकारी सरल भाषा में दी गई।

गौराबादशाहपुर में नागरिकों से सीधा संवाद
थाना गौराबादशाहपुर क्षेत्र के कस्बा गौरा में यूपी-112 टीम ने नागरिकों, महिलाओं और बुजुर्गों से सीधे संवाद किया। एलईडी वैन एवं प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आपात कॉल प्रक्रिया, महिला सुरक्षा के लिए नाइट एस्कॉर्ट सेवा और सुरक्षित सहायता प्राप्त करने की विधि की जानकारी दी गई।

अहिरौला पड़ाव पर सवेरा योजना की दी जानकारी
थाना शाहगंज क्षेत्र के अहिरौला पड़ाव में यूपी-112 टीम ने राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों को रोककर आपात सेवाओं की जानकारी दी। इस दौरान बुजुर्गों के लिए संचालित सवेरा योजना पर विशेष फोकस किया गया। योजना की उपयोगिता, पंजीकरण प्रक्रिया और उपलब्ध सुरक्षा सहायता को मौके पर ही स्पष्ट किया गया।अभियान के अंतर्गत स्कूलों, कॉलेजों, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और प्रमुख चौराहों पर भी लोगों को यूपी-112 की सेवाओं, आपात स्थिति में कॉल करने की प्रक्रिया, महिला सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और साइबर अपराध से जुड़ी अहम जानकारियाँ दी गईं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल करना सबसे तेज, सरल और विश्वसनीय माध्यम है।पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने नागरिकों की शंकाओं का समाधान करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button