अपराध समीक्षा गोष्ठी : कानून व्यवस्था के मद्देनजर एसपी ने की बैठक
लंबित प्रकरणों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण करें निस्तारण- एसपी

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले में रविवार को पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने रिजर्व पुलिस लाइन के सई काम्प्लेक्स में अपराध समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान सभी क्षेत्राधिकारी, थानों के प्रभारी, निरीक्षक व शाखा प्रभारी मौजूद रहे। गोष्ठी का उद्देश्य अपराधों की समीक्षा करने के साथ ही कानून व्यवस्था के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करना था। एसपी द्वारा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के उद्देश्य से अपराधियों के विरुद्ध गुंडा, गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीट खोलने जैसी कार्रवाई के दृष्टिगत अपने मातहतों को निर्देशित करने के साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया। लंबित विवेचनाओं के शीघ्र और गुणवत्तापरक निस्तारण हेतु निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने और रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया। इस दौरान एसपी द्वारा 112 कॉल, सीसीटीएनएस प्रविष्टियों की अद्यतन स्थिति, थानों में भूमि विवाद, हत्या, लूट, चोरी, एनडीपीएस, गैंगेस्टर आदि अपराधों की समीक्षा, तथा वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु की गई कार्यवाही पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही न्यायालयों में लंबित अभियोगों की प्रगति, विवेचना की गुणवत्ता, एवं अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियानों की स्थिति की समीक्षा की गई। एसपी ने कहा कि अपने मातहतों से कहा कि कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता एवं अपराध नियंत्रण के उद्देश्य से प्रत्येक प्रकरण की विवेचना को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए तथा वांछित, फरार एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। समीक्षा गोष्ठी में एएसपी पूर्वी शैलेन्द्र लाल व जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, निरीक्षक, थानाध्यक्ष, जीआरपी थानाध्यक्ष एवं समस्त शाखा प्रभारी, निरीक्षक प्रज्ञान, उप निरीक्षक परिवहन, सीसीटीएनएस प्रभारी, तथा रेडियो निरीक्षक समेत जिले के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






