Dhanteras 2023: धनतेरस पर बर्तनों का बाजार दुल्हन की तरह सजा है। स्टील के बर्तनों की ज्यादा मांग है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी खरीदारी को लेकर धूम मची है। धनतेरस पर पांच साल में पहली बार दोपहिया व चार पहिया वाहनों की जबरदस्त बुकिंग हुई है।
खरीदारी का शुभ मुहूर्त
धनतेरस पर शुक्रवार को दोपहर 12:35 बजे से लेकर शनिवार 1:57 तक शुभ मुहूर्त होने के कारण बाजारों में अधिक खरीदारी की उम्मीद है। घर की सजावट के सामान, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकानों पर भी भीड़ उमड़ेगी। मोबाइल फोन से लेकर गिफ्ट तक की दुकानों पर भीड़ की उम्मीद है। हजारों नई चमचमाती कारें व बाइक भी शहर की सड़कों पर उतरेंगी। बर्तन बाजार में स्टील, पीतल बर्तनों की स्थायी और अस्थायी दुकानें भी सज गई हैं। कई जगहों पर सामान बुक करने के लिए लोगों ने एडवांस भी जमा करा दिया है।
यहां सजा है बाजार
शाहगंज, राजामंडी, सुभाष बाजार, कसेरट किनारी बाजार, बोदला, बेलनगंज, कमला नगर, बल्केश्वर, न्यू आगरा, सिकंदरा आदि जगहों पर धनतेरस का बाजार सजा है। इसके अलावा कार-बाइक शोरूम पर शुभ मुहूर्त में पूजा-पाठ के साथ वाहनों को निकलवाने के लिए पंडित भी रख लिए गए हैं। वो विधि विधान से पूजा कराके वाहनों को ग्राहकों को शुभ मुहूर्त में उपलब्ध कराएंगे।
कई तरह के बर्तन
कसेरट किनारी व्यापार समिति के अध्यक्ष अनुराग अरोड़ा ने बताया कि बाजार में नए तरह के बर्तन आए हैं। इसके अलावा इंडक्शन चूल्हा, चाय केतली, डिनर सेट, तांबे की बोतल आदि चीजों की डिमांड रहेगी। अच्छा कारोबार होने की इस बार उम्मीद है।