उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

सनातन मूल्यों और गीता के संदेश से समाज को दिशा जौनपुर में दो स्थानों पर बौद्धिक संवाद कार्यक्रम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर,जनपद में सनातन धर्म पर आधारित बौद्धिक संवाद एवं श्रीमद्भगवद्गीता कार्यक्रम का आयोजन दो अलग-अलग स्थानों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का पहला आयोजन ग्राम अमारी में हुआ, जबकि दूसरा आयोजन सामर्थ राजाराम दिव्यांग बालिका विद्यालय, घनश्यामपुर (बदलापुर) में विद्यालय के वार्षिकोत्सव के अवसर पर किया गया। दोनों आयोजनों का उद्देश्य सनातन संस्कृति के मूल्यों का प्रसार, नैतिक संस्कारों की स्थापना और सामाजिक सेवा को प्रोत्साहन देना रहा।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से अवधेश सिंह, आर.पी. सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, विनय कुमार शाही, अजय सिंह, अशोक सिंह और अरुण कुमार सिंह की सहभागिता रही।

अपने संबोधन में धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि सनातन धर्म सेवा, संस्कार और राष्ट्रहित का मार्ग दिखाता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के उपदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गीता कर्तव्य, कर्म और नैतिकता का मार्गदर्शन करती है, जो समाज को सकारात्मक दिशा देती है।

घनश्यामपुर स्थित सामर्थ राजाराम दिव्यांग बालिका विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों को वस्त्र और पुस्तकें वितरित की गईं। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक अजय सिंह ने सभी अतिथियों को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिससे आयोजन को व्यापक समर्थन मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button