:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जिलाधिकारी की होटल-रेस्टोरेंट ऊर्जा बचत की बैठक: गैस उपयोग पर चेतावनी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों, एलपीजी कंपनियों के जिला स्तरीय बिक्री अधिकारियों तथा खाद्य एवं रसद विभाग व खाद्य एवं औषधि प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के चलते ईंधन आपूर्ति से जुड़ी संभावित कठिनाइयों के मद्देनजर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने होटल व रेस्टोरेंट संचालकों से एलपीजी आधारित ईंधन की खपत को न्यूनतम रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए, क्योंकि यह पूर्णतः अवैध है। इसके स्थान पर वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के उपयोग पर जोर देते हुए सौर ऊर्जा आधारित उपकरणों, विद्युत संचालित उपकरणों, लकड़ी और कोयले आदि का आवश्यकता अनुसार प्रयोग करने की सलाह दी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पके हुए भोजन को बार-बार गर्म करने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाकर ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही खाद्य एवं रसद विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि ईंधन आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। शासन और प्रशासन द्वारा सभी उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से ईंधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोग अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर, डीजल या पेट्रोल का संग्रह न करें और अफवाहों से बचें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button