मकर संक्रांति स्नान पर्व के मद्देनजर व्यापक तैयारियां : डीएम एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

जन एक्सप्रेस / प्रतापगढ़: जिले में बुधवार को डीएम शिवसहाय अवस्थी और एसपी दीपक भूकर ने माघ मेला प्रयागराज में मकर संक्रांति स्नान पर्व के मद्देनजर की गई व्यवस्थाओं का विस्तृत रूप से निरीक्षण किया। डीएम और एसपी ने कोहड़ौर थाना अंतर्गत रुट डायवर्जन स्थल पर पहुंचकर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं के मद्देनजर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इस दौरान डीएम ने कहा कि भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन के साथ ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा और सुरक्षा मिल सके और कहीं भी जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कोई भी वाहन सड़क के किनारे खड़े नहीं होंगे। भारी वाहन या तो डायवर्जन से अपने गंतव्य को जायेंगे या फिर पार्किंग में अपना वाहन खड़ा करेंगे। वहीं एसपी दीपक भूकर ने बताया कि स्नान पर्व के मद्देनजर जिले में पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था से लेकर शहर में यातायात व्यवस्था का व्यापक प्रबंध किया गया है। गरुण वाहिनी द्वारा लगातार गश्त करके निगरानी की जा रही है। निरीक्षण के दौरान दोनों उच्च अधिकारियों ने यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने, जाम की स्थिति से तुरंत निपटने और हर संवेदनशील स्थान पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं और आम जनता की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया। मालूम हो कि प्रयागराज अयोध्या राजमार्ग पर श्रद्धालुओं का काफी संख्या में आवागमन रहता है। और बात अगर माघ मेले की हो तो इस रूट पर भीड़ बढ़ जाती है। जिसके चलते जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। जिले में माघ मेला के मद्देनजर यातायात व्यवस्था से लेकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधा को लेकर पुलिस व प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है।






