यमुना का कहर बढ़ा, डीएम ने संभाली कमान
पाभोषा व बड़हरी में 24 घंटे निगरानी के निर्देश, तटबंधों की मरम्मत के आदेश

कौशांबी मंझनपुर। (आकाश मिश्र) यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे मंझनपुर तहसील क्षेत्र में बाढ़ का संकट गहराता जा रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुळगी ने शनिवार को पाभोषा और बड़हरी गांवों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उनके साथ मंझनपुर के एसडीएम एस.पी. वर्मा समेत राजस्व, बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मैप के माध्यम से यमुना नदी की स्थिति का गहराई से अवलोकन किया और तटबंधों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी तटबंध में कमजोरी मिलते ही तुरंत मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा उन्होंने संबंधित विभागों को 24 घंटे निगरानी रखने और कंट्रोल रूम से सतत अपडेट देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तटीय गांवों में राहत और बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश देते हुए कहा कि पानी गांवों में पहुंचने से पहले सारी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि नागरिक सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके। डीएम ने बाढ़ नियंत्रण व्यवस्थाओं की समीक्षा कर यह भरोसा दिलाया कि जरूरतमंदों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।






