
जन एक्सप्रेस देहरादून,: मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में देहरादून जिला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ नियमविरुद्ध गतिविधियों पर शिकंजा कस रहा है। इसी क्रम में तहसील विकासनगर के अंतर्गत ग्राम बहादुरपुर, सेलाकुई राजावाला रोड और वार्ड संख्या 05, रामबाग हरबर्टपुर में बिना अनुमति और नक्शे के लगाए गए दर्जनों मोबाइल टावरों को सील कर दिया गया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने यह कार्रवाई जनभावना का सम्मान करते हुए और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए की है। प्रशासन का रुख स्पष्ट है – चाहे टावर पूरी तरह स्थापित हो या सिर्फ नींव (खूंटा/कील) ही डाली गई हो, बिना वैध अनुमति के कोई भी संरचना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार इन टावरों को घनी आबादी वाली बस्तियों में बिना पर्यावरणीय और रेडिएशन से जुड़े मानकों के लगाया जा रहा था, जिससे स्थानीय नागरिकों विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो रही थीं।
पिछले महीने मिली नागरिक शिकायतों के आधार पर जिलाधिकारी ने एडिशनल डीएम (वित्त एवं राजस्व) और ईडीएम को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। परिणामस्वरूप प्रशासन ने हाई फ्रीक्वेंसी वाले इन टावरों को एक झटके में सील कर दिया।
डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि “हमारे जनपद में नियम विरुद्ध कार्यों का हश्र सिर्फ एक ही है – विध्वंस। जनभावना से खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
प्रशासन की इस कार्रवाई से आम जनता में सरकार और शासन तंत्र के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है, वहीं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में खौफ का माहौल है।
जिला प्रशासन ने पुनः स्पष्ट किया है कि जनहित में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी जनभावना से खिलवाड़ की अनुमति नहीं दी जाएगी।






