उत्तर प्रदेशमहराजगंज

डॉ. कमलेश कुमार को मिला बेस्ट टीचर अवार्ड

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज : महराजगंज शिक्षा जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पनियरा विकास खंड के राम रतन पी.जी. कॉलेज, रामपुर-मंसूरगंज के विज्ञान संकाय अध्यक्ष डॉ. कमलेश कुमार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें ‘वर्ल्ड एजुकेशन एंड एडटेक ब्रांड काउंसिल्स रेटिंग्स इंटरनेशनल कॉन्क्लेव एंड अवार्ड-2025’ में ‘बेस्ट टीचर अवार्ड 2025’ से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें मुंबई स्थित रेडिसन होटल में आयोजित भव्य समारोह में संस्था की ब्रांड एंबेसडर प्रसिद्ध नृत्यांगना एवं अभिनेत्री श्रीमती सुधा चंद्रन द्वारा प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र और कॉलेज परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई है। डॉ. कमलेश की शैक्षिक यात्रा हमेशा से प्रेरणादायक रही है। उन्होंने विज्ञान की पढ़ाई को छात्रों के लिए सरल, रोचक और व्यवहारिक बनाने में विशेष योगदान दिया है। वे न सिर्फ एक कुशल अध्यापक हैं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहते हैं। उनके मार्गदर्शन में कई विद्यार्थियों ने शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
कॉलेज के प्रबंधक श्री रामचंद्र यादव, पनियरा ब्लाक प्रमुख वेदप्रकाश शुक्ल, प्राचार्य डॉ. नागेश्वर सिंह सहित शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। सभी ने आशा जताई कि डॉ. कमलेश का यह सम्मान क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिला यह पुरस्कार न केवल कॉलेज, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान को नई ऊंचाई देगा। ग्रामीण अंचल से जुड़े एक शिक्षक को वैश्विक मंच पर सम्मान मिलना इस बात का प्रमाण है कि प्रतिबद्धता और मेहनत से किसी भी मुकाम तक पहुँचा जा सकता है। डॉ. कमलेश ने सम्मान प्राप्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके विद्यार्थियों, सहकर्मियों और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने संकल्प लिया कि वे आगे भी शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देते रहेंगे। इस सम्मान ने यह सिद्ध कर दिया है कि पनियरा क्षेत्र जैसे ग्रामीण अंचल से भी वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है, बशर्ते जुनून और समर्पण से लक्ष्य की ओर बढ़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button