बेनीगंज में रास्ते पर बने अतिक्रमण को जेसीबी से हटाया

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : ग्राम पंचायत बेनीगंज में बुधवार को पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रास्ते पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी की सहायता से हटवा दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन में ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के बाद हुई। कानूनगो दीपक पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्रामवासियों में इसरावती और दुर्योधन ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि गांव में मुख्य मार्ग पर पक्की दीवार बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने कार्रवाई की और राजदेव पुत्र नरेश तथा बबलू पुत्र लाल्हि द्वारा बनाए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त करा दिया गया। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने पक्के मकान बनाकर रास्ता घेरा है, उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67(1) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में कानूनगो दीपक पांडेय, जयप्रकाश, विजय चौधरी, हल्का लेखपाल सुरेंद्र प्रताप, अभिषेक सिंह, जयचंद, राकेश यादव, अंबरीश, दरोगा विजय कुमार व एसपी सिंह सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।






