फेसबुक ने ब्लॉक किया अखिलेश यादव का आधिकारिक पेज
सपा ने भाजपा पर लगाया साजिश का आरोप, सरकार ने पल्ला झाड़ा; फेसबुक की पॉलिसी उल्लंघन को बताया गया कारण

जन एक्सप्रेस लखनऊ:समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज शुक्रवार शाम को अचानक ब्लॉक कर दिया गया। इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई। पार्टी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं सरकारी सूत्रों ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई पूरी तरह से फेसबुक की आंतरिक नीति के तहत की गई है और इसमें सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
सपा प्रवक्ताओं का कहना है कि यह “राजनीतिक सेंसरशिप” है और जानबूझकर विपक्षी नेताओं की आवाज़ दबाई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की विचारधारा और कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचने से रोकने के लिए यह ‘डिजिटल हमला’ किया गया है। दूसरी ओर, आईटी मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स अपने कंटेंट पॉलिसी के तहत स्वतः कार्रवाई करते हैं और सरकार इसका संचालन या नियंत्रण नहीं करती। फेसबुक की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पेज पर नियमों के उल्लंघन से जुड़ी कुछ गतिविधियों के कारण यह कार्रवाई की गई है।इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर राजनीतिक संतुलन और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस छेड़ दी है।






