उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

महिला किन्नर ने दर्ज कराया दहेज उत्पीड़न का मुकदमा, जांच में जुटी पुलिस

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के कोहड़ौर थाना इलाके के एक गांव की रहने वाली किन्नर ने थाने पर पति, ससुर व जेठ समेत पांच लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। किन्नर ने कोहड़ौर थाने पर तहरीर देते हुए कहा है कि उसका विवाह थाना इलाके के ही एक गांव के युवक के साथ कुछ वर्ष पहले हुआ था। दोनों हिन्दू रीति रिवाज से शादी कर बतौर पति पत्नी साथ रहे। कचेहरी में दोनों के बीच एक वैवाहिक अनुबन्ध पत्र भी लिखाया गया था। अब किन्नर ने अपने पति, ससुर, जेठ व जेठानी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। किन्नर ने कोहड़ौर थाने पर तहरीर देते हुए बताया है कि ससुराल वाले उससे दहेज के साथ ही धन की मांग करते रहते हैं साथ ही जेठ पर छेड़खानी करने का भी आरोप लगाया है। दहेज के रूप में दस लाख रुपये न दे पाने की स्थिति में उसका लगातार उत्पीड़न करने लगे। आरोप है कि उसके साथ मारपीट व गाली गलौज करने के साथ ही कई दिनों तक बिना खाना दिए कमरे में बन्द रखा गया। बात न मानने पर साजिशन उसके विरुद्ध प्रार्थना पत्र देकर पति उसे छोड़कर चला गया। आरोप है कि इस दौरान उसकी सोने की चैन, कंगन, मंगलसूत्र, झुमका बाली, नथनी, पायल सभी अपने साथ ले गया। महिला किन्नर का आरोप है कि पति पत्नी की तरह साथ रहने के दौरान उसका पति उसकी अश्लील फोटो व वीडियो बना लिया था जिसे अब लोगों को दिखाकर उसकी छवि खराब कर रहा है। पीड़िता की तहरीर पर कोहड़ौर पुलिस आरोपियों के विरुद्ध गम्भीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसओ कोहड़ौर धनन्जय राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button