सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश के लिए जौनपुर पुलिस को मिला वैज्ञानिक प्रशिक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जनहानि को शून्य पर लाने के उद्देश्य से जौनपुर पुलिस द्वारा सेवलाइफ फाउंडेशन (Save LIFE Foundation) के सहयोग से Zero Fatality District (ZFD) अभियान के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन जौनपुर में किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश पुलिस राजीव कृष्ण की प्राथमिकताओं एवं अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यशाला की देखरेख क्षेत्राधिकारी सदर देवेश सिंह द्वारा की गई।
कार्यशाला में जौनपुर पुलिस के अधिकारियों एवं जवानों को “वैज्ञानिक दुर्घटना जांच (Scientific Crash Investigation) तथा “सक्रिय एवं दृश्य प्रवर्तन (Active and Visible Enforcement) विषय पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों को सड़क दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की वैज्ञानिक तरीके से जांच करने और दुर्घटना स्थलों से सटीक डेटा एकत्र करने की जानकारी देना रहा। सेवलाइफ फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक उपकरणों और वैज्ञानिक तकनीकों की मदद से सड़क इंजीनियरिंग की खामियों, वाहन की तकनीकी स्थिति तथा मानवीय त्रुटियों जैसे कारणों की पहचान कर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। साथ ही सड़कों पर पुलिस की उपस्थिति को अधिक प्रभावी और दृश्यमान बनाने की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई, जिससे यातायात नियमों का उल्लंघन कम किया जा सके।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण से दुर्घटनाओं की जांच न केवल दोषियों को दंडित कराने में सहायक होगी, बल्कि भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार करने में भी मददगार साबित होगी। कार्यशाला के दौरान सेवलाइफ फाउंडेशन के विशेषज्ञों ने व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से दुर्घटना जांच की नवीन तकनीकों को साझा किया। कार्यक्रम में परिवहन विभाग (RTO), एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग, यातायात पुलिस एवं विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।






