लखनऊ

राज्यपाल व मुख्यमंत्री से मिले चंपतराय, प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने का दिया आमंत्रण

लखनऊ । श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपतराय ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर 22 जनवरी को राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने का आमंत्रण दिया। चंपत राय के साथ श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्द देव गिरि जी महाराज, विश्व हिन्दू परिषद के केन्द्रीय मंत्री राजेन्द्र सिंह पंकज, प्रतिष्ठा समारोह आयोजन समिति के सदस्य व राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज, संघ की प्रान्तीय टोली के सदस्य प्रशान्त भाटिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

आज जीवन धन्य हो गया, मन आह्लादित है : योगी आदित्यनाथ

ट्रस्ट के सदस्यों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि आज जीवन धन्य हो गया है। मन आह्लादित है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का ही सुफल है कि श्री अयोध्या जी में प्रभु श्री रामलला के नूतन बालरूप विग्रह की प्राण-प्रतिष्ठा को सफलीभूत होते हुए हम सभी देख पा रहे हैं। कृतज्ञ हूं, हर्षित हूं, उत्साहित हूं, राममय हूं।

योगी ने लिखा कि प्रभु श्री राम की असीम अनुकंपा, पूज्य संतों एवं दादागुरु ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज व पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के आशीर्वाद, श्रद्धेय अशोक सिंघल जी एवं रामभक्तों के सदियों के अनवरत संघर्ष का परिणाम है कि राम मंदिर बन रहा है।

राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 22 जनवरी 2024 को ट्रस्ट की ओर से 10 हजार अतिथियों को बुलाने की योजना है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्यों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डा. मोहनराव भागवत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बाद आज उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आने का आमंत्रण दिया है।

पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सह क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख मनोज ने हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि 01 जनवरी से 15 जनवरी तक संघ के कार्यकर्ता घर-घर जाकर हल्दी व अक्षत देकर रामलला का आमंत्रण देंगे। उससे पहले ट्रस्ट के सदस्य विविध क्षेत्र के प्रमुख लोगों से मिलकर उन्हें अयोध्या आने का आमंत्रण देंगे। मनोज ने बताया कि 01 जनवरी से शुरू होने वाला गृह सम्पर्क अभियान अब तक का सबसे बड़ा विश्वव्यापी जनसम्पर्क अभियान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button