
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी:- गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गायत्री परिवार उत्तरकाशी की ओर से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा, साधना और सेवा से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य आयोजन जोशियाड़ा स्थित श्रीराम यज्ञशाला में संपन्न हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने सामूहिक गुरु पूजन कर युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन मुख्य ट्रस्टी यशपाल सिंह पायल एवं संस्कृति ज्ञान परीक्षा की संयोजक रेखा पायल के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर अनेक श्रद्धालुओं ने गायत्री परिवार की सदस्यता ग्रहण करते हुए युग निर्माण अभियान से जुड़ने का संकल्प भी लिया।
जनपदभर में हुए विविध आयोजन
कार्यक्रम में जिला समन्वय समिति के मुख्य संयोजक जय स्वरूप बहुगुणा, सह संयोजक अजय प्रकाश बड़ोला, राधावल्लभ नौटियाल, महावीर रावत, विशन सिंह चौहान, कीर्ति सिंह रावत, संगीता पायल, सरोज नौटियाल, अनीता रावत सहित बड़ी संख्या में गायत्री परिजनों ने सहभागिता की।
वहीं दिखोली गाजणा में जिला ब्लॉक संयोजक आचार्य डॉ. मुरली मनोहर भट्ट के नेतृत्व में श्रीराम शर्मा वाटिका में फलदार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इसके अलावा चिन्यालीसौड़ में राजेंद्र बधानी एवं गायत्री परिजनों ने सामूहिक गायत्री यज्ञ का आयोजन किया। बड़कोट और ब्रह्मखाल में भी गायत्री परिवार के सदस्यों ने गुरु पूजन एवं गायत्री यज्ञ के माध्यम से गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया।
‘आदर्श व्यक्ति से आदर्श समाज का निर्माण’
उत्तरकाशी गायत्री परिवार समन्वय समिति के जिला अध्यक्ष जय स्वरूप बहुगुणा ने कहा कि युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की मूल अवधारणा आदर्श व्यक्ति निर्माण से आदर्श समाज निर्माण और आदर्श समाज निर्माण से धरती पर स्वर्ग का अवतरण है।
इस अवसर पर डॉ. मुरली मनोहर भट्ट ने कहा कि गुरुदेव का संदेश—“हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा; हम बदलेंगे, युग बदलेगा”—आज भी उतना ही प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि विश्वभर में करोड़ों गायत्री परिजन गुरुदेव के विचारों और कार्यों का अनुसरण करते हुए समाज निर्माण के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।
संवाददाता: चंद्रप्रकाश बहुगुणा






