
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: आद्य शंकराचार्य शिक्षण संस्थान, उत्तरों (उत्तरकाशी) में विद्यालय का वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और गरिमामय वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक विरासत की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का सफल आयोजन विद्यालय के प्रधानाचार्य विजेंद्र सिंह रावत के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिनके प्रयासों से पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं भव्य रूप प्रदान किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अथिति गंगोत्री विधानसभा के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण द्वारा विधिविधान के साथ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें शॉल, बेज अलंकरण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आगाज़ छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना से हुआ, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा नाग देव डोली के साथ पारंपरिक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का दिल जीता। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें लोकनृत्य, नशा मुक्ति पर आधारित जागरूकता नाटक तथा मधुर गीतों की प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने सामाजिक संदेशों के साथ अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय का वार्षिक परीक्षा परिणाम भी घोषित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, उत्तरकाशी से जुड़े स्थानीय प्रसिद्ध कलाकार सेंरु लाल ने गांवों से हो रहे पलायन की समस्या पर आधारित भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को भावविभोर किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के क्रम में सबसे आकर्षण का केंद्र बच्चों द्वारा प्रस्तुत देव डोली नृत्य रहा, जिसने कार्यक्रम मे मौजूद सभी लोगों की खूब सराहना बटोरी और तालियों की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विकासखंड भटवाड़ी की ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, युवा सामाजिक कार्यकर्ता मनीष रावत सरत रावत, कार्यक्रम अध्यक्ष एवं ग्राम प्रधान नरेंद्र सिंह चौहान , प्रबंध समिति अध्यक्ष जगमोहन सिंह राणा, पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत प्रतिनिधि अनिल रावत, सहकारी समिति सरपंच दिग्विजय नेगी , पूर्व सैनिक रविंद्र पंवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य सावित्री देवी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह ने न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का एक प्रेरणादायी संदेश भी दिया। कार्यक्रम का समापन भावनात्मक विदाई के साथ हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।






