भाजपा कार्यालय पर भव्य प्रदर्शनी व अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन
अटल के विचारों से कार्यकर्ताओं को मिला राष्ट्रसेवा का संकल्प : जयमंगल कन्नौजिया

जन एक्सप्रेस/ महराजगंज: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर भाजपा कार्यालय परिसर में उनके जीवन, व्यक्तित्व व कृतित्व पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। महिला मोर्चा के नेतृत्व में आकर्षक रंगोली सजाई गई। प्रदर्शनी में अटल जी के राजनीतिक जीवन, कवि हृदय, राष्ट्रनिष्ठा और ऐतिहासिक निर्णयों को चित्रों व दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. सतेंद्र सिन्हा व जिलाध्यक्ष संजय पांडेय सहित पार्टी पदाधिकारियों ने किया। इसके उपरांत आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि व वंदे मातरम् के साथ हुई।
मुख्य अतिथि अष्टभुजा शुक्ला ने कहा कि अटल जी संवाद, सहमति और सद्भाव की राजनीति के प्रतीक थे। विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने पोखरण परीक्षण व स्वर्णिम चतुर्भुज को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि अटल का आत्मनिर्भर भारत का सपना आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है।
डॉ. सतेंद्र सिन्हा ने अटल जी को संवेदनशील कवि व दूरदर्शी चिंतक बताया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री ओमप्रकाश पटेल ने किया। समापन राष्ट्रहित व सुशासन के संकल्प के साथ हुआ।






