अवैध पटाखा फैक्ट्रियों और भंडारण पर पुलिस का शिकंजा
आईजी कानून व्यवस्था ने दिए निर्देश, सभी जिलों से रोजाना कार्रवाई रिपोर्ट अनिवार्य; कानपुर हादसे के बाद बड़ा फैसला

जन एक्सप्रेस लखनऊ:प्रदेश भर में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्रियों और गैरकानूनी भंडारण के खिलाफ पुलिस सख्त रवैया अपनाने जा रही है। आईजी कानून व्यवस्था एल.आर. कुमार ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि वे 25 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाकर ऐसे स्थलों की पहचान कर कार्रवाई सुनिश्चित करें।आईजी ने कहा कि बिना अनुमति चल रही पटाखा फैक्ट्रियों और दुकानों में अनुचित तरीके से पटाखों का भंडारण जानलेवा साबित हो सकता है। ऐसे मामलों में हुए हादसों से जनहानि और मालहानि दोनों होती है, जिसे रोका जाना जरूरी है।उन्होंने स्पष्ट किया कि 25 अक्टूबर तक चलने वाले इस सघन अभियान के तहत हर जिले को प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजनी होगी। अभियान के दौरान यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले कानपुर में एक अवैध पटाखा दुकान में हुए धमाके के बाद मामला तूल पकड़ गया था। इस घटना में गंभीर क्षति हुई और प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए एसीपी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।अब दीपावली पर्व से पूर्व इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके और आमजन को सुरक्षित माहौल मिल सके।






