उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहाथरस

हाथरस : ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर कैबिनेट मंत्री व सांसद को सौंपा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस/हाथरस: ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने एक बार फिर आवाज बुलंद की है। प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ सिंह के निर्देश पर हाथरस जिले में संगठन की ओर से सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य एवं हाथरस सांसद अनूप प्रधान बाल्मीकि को मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया।

यह ज्ञापन ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के हाथरस जिलाध्यक्ष शम्भूनाथ पुरोहित के नेतृत्व में सभी तहसीलों के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों की उपस्थिति में दिया गया।

ग्रामीण पत्रकारों की चुनौतियों को लेकर उठाई मांग

जिलाध्यक्ष शम्भूनाथ पुरोहित ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों को अनेक प्रकार की व्यावहारिक, सामाजिक और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। समाचार संकलन के दौरान उन्हें सुरक्षा, संसाधन और सुविधाओं का अभाव झेलना पड़ता है, जिसके समाधान के लिए सरकार को ठोस और प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों का प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है और लंबे समय से पत्रकार हितों के लिए कार्य कर रहा है।

सात सूत्रीय प्रमुख मांगें

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से निम्न मांगें शामिल हैं—

  • पत्रकार हितों की रक्षा के लिए जिला स्तर पर स्थायी समिति की नियमित बैठकें कराई जाएं।

  • मंडल मुख्यालय पर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में तथा तहसील स्तर पर उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्थायी समिति का गठन किया जाए, जिसमें ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया जाए।

  • ग्रामीण पत्रकारों को स्वास्थ्य सुविधाओं से आच्छादित करने हेतु आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड की सुविधा दी जाए।

  • उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में ग्रामीण पत्रकारों को निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाए।

  • प्रदेश स्तर पर गठित पत्रकार मान्यता समिति एवं विज्ञापन मान्यता समिति में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के दो प्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाए।

  • राजधानी लखनऊ स्थित दारुलशफा में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के कार्यालय के लिए निःशुल्क भवन उपलब्ध कराया जाए।

  • पत्रकारिता के दायित्वों के निर्वहन के दौरान उत्पन्न विवादों में पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराए जाने का आदेश जारी किया जाए।

बड़ी संख्या में पत्रकार रहे मौजूद

इस अवसर पर संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। जिनमें जिलाध्यक्ष शम्भूनाथ पुरोहित, जिला उपाध्यक्ष विष्णु नागर, जिला महामंत्री गोविंद सिंह चौहान, महादेव शरण अटल, जिला मंत्री हरिबाबू सिंह, अतीक अहमद, आकाश शर्मा, नरेश सागर, साहिल अब्बास, शोभित शर्मा, पंकज शर्मा, राजू शर्मा, छोटू पुरोहित सहित अन्य पत्रकार शामिल रहे।

सकारात्मक पहल की उम्मीद

ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र ही इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे पत्रकार निर्भीक, सुरक्षित और सशक्त होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button