जनता की आवाज़ पर सीएम योगी का एक्शन: समस्याएं सुनकर दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने रखी अपनी बात

जन एक्सप्रेस /लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज अपने सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इन समस्याओं के त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जिनमें ज़मीन संबंधी विवाद, पुलिस से जुड़ी शिकायतें, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति की बात को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को “समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ समाधान करने” का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “जनता की समस्याओं का समाधान ही हमारी प्राथमिकता है। शासन की योजनाएं तभी सफल होंगी जब अंतिम व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचे।”
सीएम योगी का स्पष्ट संदेश
कोई भी अधिकारी लापरवाही न बरते
शिकायतों का समाधान ज़मीनी स्तर पर सुनिश्चित करें
पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए, केवल आश्वासन नहीं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री स्वयं भी कुछ मामलों में अधिकारियों को फोन कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते नजर आए। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी व जनहितैषी बनाया जाएगा।






