उत्तराखंडचमोलीदेहरादून

बदरीनाथ हाईवे पर भारी भूस्खलन, बाल-बाल बचे लोग, गंगा खतरे के निशान के करीब

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, देहरादून समेत 9 जिलों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी

जन एक्सप्रेस ब्यूरो | चमोली/हरिद्वार उत्तराखंड में मानसून ने विकराल रूप ले लिया है। शुक्रवार तड़के शुरू हुई तेज़ बारिश से बदरीनाथ हाईवे पर भारी भूस्खलन हुआ, जिससे गौचर-तलधारी के पास हाईवे पूरी तरह बंद हो गया।
सुबह के समय पहाड़ी से अचानक भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे। संयोग से वहां से गुजर रहे लोग बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

कर्णप्रयाग-नेनीसैंण मोटर मार्ग पर भी आईटीआई से 500 मीटर आगे चट्टान टूट कर सड़क पर आ गिरी, जिससे आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है। स्थानीय लोग अब वैकल्पिक रास्तों से डिम्मर-सिमली होकर कर्णप्रयाग पहुंचने को मजबूर हैं।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट: 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है, जिससे भूस्खलन, जलभराव, और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा है।

अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने दिन-रात सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि आवश्यक न हो तो पर्वतीय क्षेत्रों की यात्रा फिलहाल टालें।

गंगा उफान पर: हरिद्वार में जलस्तर चेतावनी रेखा के पास

हरिद्वार में शुक्रवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी रेखा 293 मीटर के करीब 292.90 मीटर तक पहुंच गया है।
प्रशासन ने सभी गंगा घाट खाली करा दिए हैं और नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया गया है।
बाढ़ राहत चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं और उत्तराखंड व यूपी प्रशासन निगरानी पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button