उत्तर प्रदेशमहोबाराज्य खबरें

सीएचसी की मैटरनिटी विंग में चला हाईप्रोफाइल ड्रामा

स्टाफ नर्स पर तीमारदार को अपमानित करने के आरोप, थाने में दी गई तहरीर

 जन एक्सप्रेस/महोबा: पनवाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की मैटरनिटी विंग में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक तीमारदार ने ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स पर अभद्रता एवं अपमानजनक व्यवहार करने के गंभीर आरोप लगाए। घटना के बाद मैटरनिटी विंग में करीब आधे घंटे तक हाईप्रोफाइल ड्रामा चलता रहा, जिससे मरीजों व उनके परिजनों में भय और असुविधा की स्थिति बनी रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास खंड अंतर्गत ग्राम फदना निवासी राजेश अपनी पत्नी ऊषा को उपचार के लिए पनवाड़ी सीएचसी की मैटरनिटी विंग में लेकर पहुंचा था। राजेश का आरोप है कि उपचार के दौरान ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तीमारदार के अनुसार, नर्स ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हुए जूता फेंककर मारने जैसा व्यवहार किया। राजेश का यह भी कहना है कि उसकी पत्नी ऊषा के साथ भी गाली-गलौज की गई, जिससे दोनों स्वयं को अपमानित महसूस करने लगे।

घटना से आक्रोशित राजेश ने मैटरनिटी विंग में लगभग आधे घंटे तक हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में अन्य मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जमा हो गई, जिससे कुछ समय के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएचसी के जिम्मेदार कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और तीमारदार को समझा-बुझाकर शांत कराया।

बताया जा रहा है कि घटना से आहत राजेश व उसकी पत्नी ऊषा ने पनवाड़ी थाना पहुंचकर पूरे मामले की लिखित तहरीर दे दी है। पुलिस द्वारा तहरीर के आधार पर मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।

वहीं, इस पूरे प्रकरण पर स्टाफ नर्स ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। नर्स का कहना है कि उन्होंने मरीज या तीमारदार के साथ किसी भी प्रकार की अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया। उनका आरोप है कि तीमारदार ही उनके साथ बदसलूकी कर रहा था, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई।

इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक आर.जी. शंखवार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके अवकाश पर होने के कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) आशाराम से फोन पर संपर्क साधने का प्रयास किया गया, किंतु उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।

फिलहाल, मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थानों में इस तरह की घटनाएं दुर्भाग्यपूर्ण हैं और प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
स्पष्ट मीडिया कार्यालय परिहार निवास आल्हा चौक सिर्फ खबरों और विज्ञापनों के लिए संपर्क करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button