उत्तराखंड

राष्ट्र को जोड़ने का काम करती है हिन्दी : संजय गुप्ता

हरिद्वार । भाजपा के वरिष्ठ नेता व लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने हिन्दी दिवस पर कनखल बैरागी कैंप स्थित प्राईमरी पाठशाला नं. 19 में बच्चों को कापियां व अन्य पाठ्य सामग्री वितरित की।

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ने सभी को हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हिन्दी को अधिक से अधिक बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने कहाकि 14 सितंबर को भारत में हिन्दी दिवस मनाया जाता है। इस दिन को मनाने की नींव भारत की आजादी के समय ही रख दी गई थी। 14 सितंबर 1946 को संविधान सभा ने देवनागरी लिपि में लिखी हिंदी को भारत की आधिकारिक भाषा के रूप में स्वीकार किया। बाद में पहली बार आधिकारिक तौर पर 14 सितंबर 1953 को हिन्दी दिवस मनाया गया।

उन्होंने कहाकि हिन्दी को हिन्दुस्तान की पहचान के रूप में भी जाना जा सकता है। भारत में सैकड़ों भाषा व लिपि बोली-पढ़ी जाती हैं, लेकिन हिन्दी राष्ट्र को जोड़ने का काम करती है। कई महान विभूतियों ने हिंदी के महत्व को समझाते हुए इसे राष्ट्रभाषा का दर्जा देने की मांग की, जिसमें से एक महात्मा गांधी भी थे। श्री गुप्ता ने कहाकि लेखकों ने हिंदी को राष्ट्र व निज उन्नति का मूल बताया है। हमें हिन्दी भाषा के महत्व को जानना चाहिए तथा हिंदी भाषी होने पर हमें गर्व होना चाहिए।

बच्चों को कापियां व अन्य सामग्री वितरित करते हुए बच्चों को शिक्षा के महत्व को बताया। उन्होंने बच्चों से कहाकि बिना ज्ञान के मनुष्य पशु के समान होता है। ज्ञान के द्वारा ही व्यक्ति बड़े से बड़े पद का प्राप्त कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button