उत्तर प्रदेशमहराजगंजराज्य खबरें

मौत की खाई में समाई रात: नवलपरासी में भीषण बस-ट्रक हादसा

बर्दघाट के घ्यूखोला में तड़के तीन वाहनों की टक्कर के बाद बस और ट्रक 200 मीटर गहरी खाई में गिरे

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: नेपाल के नवलपरासी जिले के बर्दघाट नगरपालिका-4 स्थित घ्यूखोला में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। रात करीब एक बजे बुटवल की ओर जा रहे तीन वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हो गए। अंधेरी रात में गूंजती चीख-पुकार और खाई में गिरे वाहनों के बीच स्थानीय लोगों और बचावकर्मियों ने मोबाइल और टॉर्च की रोशनी में घंटों तक राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
पुलिस के अनुसार, ट्रक (7 ख 9398), बस (लु 2 ख 2351) और पिकअप (ना 5 ख 2275) एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान बस और ट्रक ने आगे चल रही पिकअप को टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों भारी वाहन खाई में जा गिरे। मृतकों में रोल्पा बागमारा निवासी 25 वर्षीय गोबिन बुढा की पहचान हो चुकी है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। शवों को पृथ्वीचन्द्र अस्पताल, परासी में सुरक्षित रखा गया है।
घायलों में बस चालक हिमाल घर्ती, किरण पुन, सुशीला नेपाली, मोतिलाल डाँगी समेत कई यात्री शामिल हैं। सभी गंभीर और मध्यम रूप से घायलों का इलाज बुटवल के अस्पताल में चल रहा है। वहीं कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
हादसे की तस्वीरें इसकी भयावहता को बयां कर रही हैं कि खाई में पलटी बस, टूटे शीशे और बिखरा सामान उस खौफनाक रात की गवाही दे रहे हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button