NH-509 पर भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार व पैदल राहगीर गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस हाथरस |आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-509) पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के रुहेरी गांव के पास एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार और पैदल राहगीरों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार के बीच राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
सूचना मिलते ही इलाका पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार दंपति मेरठ से आगरा की ओर जा रहे थे। अनियंत्रित गति के कारण कार संतुलन खो बैठी और यह हादसा हो गया। दुर्घटना में कार सवार दंपति भी घायल हुए हैं।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






