सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों का करायें एचपीवी टीकाकरण: राज्यपाल

लखनऊ । उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाध्यक्ष आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के प्रति जागरूकता तथा एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करायें। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन सिर्फ टीकाकरण से ही नहीं, बल्कि उत्तम व्यवहार, पौष्टिक खानपान व नियमित व्यायाम से संभव है। इसलिए बेटियों के खान पान का ध्यान रखा जाना आवश्यक है, क्योंकि वे आने वाले समय में मां बनेगी। उन्हें पौष्टिक भोजन दिया जाना चाहिए।
आनंदीबेन पटेल ने अपने हालिया जालौन और हमीरपुर प्रवास के जिला चिकित्सालय निरीक्षण के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्तमान समय में नवजात शिशुओं का कम वजन चिन्ता का विषय है, उस पर ध्यान दिए जाने की जरूरत है।
राज्यपाल ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की शिक्षिकाओं को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा एचपीवी टीकाकरण संबंधी जागरूकता पोस्टर व छात्राओं को इस संदर्भ में जागरूकता पुस्तिका व पोषण आहार का वितरण किया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राज्यपाल द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए अभिनव प्रयासों की सराहना भी की और सर्वाइकल कैंसर व एचपीवी टीकाकरण हेतु सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश में महिला कैंसर देखभाल की गुणवत्ता व स्वास्थ्य प्रणालियों को मजबूत करने हेतु जॉन्स हॉपकिन्स प्रोग्राम फाॅर इंटरनेशनल एजुकेशन इन गायनेकोलॉजी एण्ड आब्सटेट्रिक्स, कार्पोरेशन इण्डिया तथा डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान लखनऊ के बीच समझौते पत्र पर हस्ताक्षर किया गया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण उत्तर प्रदेश मयंकेश्वर शरण सिंह, निदेशक, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान डॉ. सोनिया नित्यानंद व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. सिंह उपस्थित रहे।






