लखनऊ में विवादित पोस्टर्स से सियासी-साम्प्रदायिक माहौल गरम
मुर्शिदाबाद में मस्जिद निर्माण के विरोध में ‘मुर्शिदाबाद कूच’ का दावा, प्रशासन अलर्ट

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।राजधानी लखनऊ में विभिन्न चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए विवादित पोस्टर्स ने सियासी और साम्प्रदायिक माहौल को गरमा दिया है। इन पोस्टर्स के माध्यम से पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में प्रस्तावित मस्जिद निर्माण का विरोध जताया गया है और 10 फरवरी को ‘मुर्शिदाबाद कूच’ का ऐलान किया गया है।बताया जा रहा है कि ये पोस्टर्स विश्व हिंदू रक्षा परिषद के नाम से लगाए गए हैं, जिनमें तीखे नारे और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया गया है। कुछ पोस्टर्स में ‘बंटोगे तो कटोगे’ जैसे नारों का उल्लेख है, जिससे राजधानी में हड़कंप मच गया है।
मुर्शिदाबाद की मस्जिद को लेकर जताया विरोध
पोस्टर्स में दावा किया गया है कि मुर्शिदाबाद में जिस मस्जिद का निर्माण हो रहा है, वह ‘बाबरी तर्ज’ पर बनाई जा रही है। इसे लेकर विरोध दर्ज कराते हुए संगठन की ओर से प्रदर्शन और कूच की चेतावनी दी गई है।इसके साथ ही पोस्टर्स के जरिए पश्चिम बंगाल के नेता हुमायूं कबीर को भी खुली चुनौती दी गई है, जिससे राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है।
प्रशासन सतर्क, पोस्टर्स हटाने की कार्रवाई
विवादित पोस्टर्स सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। कई इलाकों में पोस्टर्स हटाए गए हैं और उन्हें लगाने वालों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राजनीतिक हलकों में हलचल
पोस्टर्स के जरिए दिए गए संदेशों से राजधानी के राजनीतिक गलियारों में भी हलचल है। विपक्षी दलों ने इसे साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश बताया है, वहीं प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
फिलहाल लखनऊ में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है, जबकि 10 फरवरी को घोषित ‘मुर्शिदाबाद कूच’ को लेकर खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हैं।






