यूपी में पुलिस अभिरक्षा में महिला को पति ने मारी गोली

जन एक्सप्रेस/हरदोई: पाली थाना परिसर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस अभिरक्षा में मौजूद एक महिला को उसके पति ने गोली मार दी। घटना से पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला बीती 7 जनवरी को अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। इस मामले में महिला के पति ने सुरजीत पुत्र अरविंद, निवासी बख्तावरगंज, जनपद शाहजहांपुर के खिलाफ पाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रविवार को महिला को बरामद किया और उसे थाने लाकर रखा गया था।
सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे महिला का पति थाने पहुंचा। महिला को सामने देखते ही वह आपा खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बातचीत के दौरान अचानक उसने तमंचा निकाला और महिला पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने घायल महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल हरदोई भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। महिला का इलाज जारी है और चिकित्सक लगातार निगरानी में रखे हुए हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को तमंचे सहित मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा आरोपी के भाई को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
इस सनसनीखेज वारदात को लेकर उच्चाधिकारियों ने गंभीरता दिखाते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी थाने के भीतर हथियार लेकर कैसे पहुंचा और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।






