देश
ब्याज दरों में वृद्धि से वैश्विक बाजारों में बिकवाली
मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई और बीएसई सेंसेक्स 1,000 अंक से अधिक लुढ़क गया जबकि निफ्टी 17,350 अंक के नीचे बंद हुआ। कई देशों के केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में वृद्धि के कारण वैश्विक बाजारों में भारी बिकवाली के चलते घरेलू बाजारों में गिरावट आई। अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपये के पहली बार 81 प्रति डॉलर के सबसे निचले स्तर पर पहुंचने से भी स्थानीय शेयर बाजार प्रभावित हुआ। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,020.80 अंक यानी 1.73 प्रतिशत की गिरावट के साथ 58,098.92 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,137.77 अंक तक गिर गया था।