नौतनवा नगर पालिका के कर्मचारियों व सभासदों को दिए गए अग्नि सुरक्षा के महत्वपूर्ण टिप्स
फायर सर्विस का विशेष जागरूकता अभियान शुरू

जन एक्सप्रेस। नौतनवा/महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्रों में अग्निकांड की घटनाओं पर नियंत्रण व जनता को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से अग्निशमन विभाग ने गुरुवार को विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया। नगर के जलकल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका कर्मचारी, सभासद और फायर सर्विस टीम बड़ी संख्या में मौजूद रही। कार्यक्रम के दौरान फायर फाइटर्स ने अग्निकांड जैसी आपात स्थितियों में बचाव के तरीकों का लाइव मॉकड्रिल कर कर्मचारियों व सभासदों को प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षक मु. इकबाल, फायर फाइटर रामनरेश यादव और दीपक चौहान ने विभिन्न प्रकार की आग, प्राथमिक बचाव उपायों तथा संकट से निपटने की तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। अभियान का उद्घाटन करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों को पूरी दक्षता के साथ आग पर नियंत्रण करने में सक्षम बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि जागरूकता और प्रशिक्षण से नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा सकता है। फायर सर्विस टीम ने आग लगने पर प्रारंभिक प्रतिक्रिया, फायर एक्सटिंग्विशर के सही उपयोग, गैस सिलिंडर लीकेज की पहचान, विद्युत आग पर नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के उपायों पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान सीमा क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है और इसे आगे भी विभिन्न वार्डों व सार्वजनिक स्थानों पर जारी रखा जाएगा। कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल जायसवाल, संजय मौर्या, राहुल दूबे, संजय पाठक, झुल्लूर कुरैशी, अशोक रौनियार, राजकुमार गौड़, प्रमोद पाठक, दुर्गेश कुमार सहित नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।






