फर्जी असलहे से गांव में फैला रहा था दहशत, पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया व्यक्ति!
चित्रकूट के सरधुवा थाना क्षेत्र के लमयारी गांव का मामला — सूत्रों के अनुसार दबाव और लेनदेन की चर्चा, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

जन एक्सप्रेस चित्रकूट। सरधुवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लमयारी गांव में एक व्यक्ति द्वारा फर्जी असलहे (हथियार) के दम पर ग्रामीणों में दहशत फैलाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने आरोपी व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने लाया, परंतु बाद में उसे छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों में आक्रोश, पुलिस पर पक्षपात के आरोप
सूत्रों के अनुसार आरोपी का नाम सतनारायण बताया जा रहा है, जो पिछले कुछ दिनों से गांव में असलहे के सहारे लोगों को धमका रहा था। जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली तो उसे हिरासत में लिया गया, किंतु कुछ ही घंटे बाद बिना किसी ठोस कार्रवाई के रिहा कर दिया गया।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी के पास मिला असलहा उसका नहीं था और वह लोगों को भयभीत करने के उद्देश्य से उसका इस्तेमाल कर रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने “ऊपरी दबाव और लेनदेन के चलते” आरोपी को छोड़ दिया।
थानाध्यक्ष का बयान — “हमारी मर्जी है, छोड़ दिया”
जब इस मामले पर सरधुवा थानाध्यक्ष से मीडिया ने पूछताछ की, तो उन्होंने कहा —छोड़ दिया, हमारी मर्जी है।इस कथन के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार की मनमानी और ढीली कार्रवाई से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि योगी सरकार अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त शासन का दावा करती है, लेकिन पुलिस की लापरवाही और कथित पक्षपातपूर्ण रवैया सरकार की छवि को धूमिल कर रहा है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।गांव के लोगों का कहना है कि यदि आरोपी पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपेंगे और पुलिस की लापरवाही के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।






