नेपाल चुनाव: 72 घंटे के लिए सील होगी भारत नेपाल बार्डर
2 मार्च की मध्यरात्रि से थमेगा सामान्य आवागमन, इमरजेंसी सेवाएं रहेगी जारी

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: भारत–नेपाल समन्वय समिति की बैठक रविवार को 22वीं बटालियन एसएसबी के कैंप कार्यालय में संपन्न हुई। आगामी पांच मार्च को नेपाल राष्ट्र में प्रस्तावित प्रतिनिधि सभा चुनाव को देखते हुए भारत नेपाल अंतराष्ट्रीय बार्डर और सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने नेपाल से भारत आने वाले मुख्य मार्गों तथा पगडंडियों पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने एसएसबी, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को अराजक तत्वों के संभावित आवागमन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नेपाली प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
नेपाली प्रशासन के अनुरोध पर यह सहमति बनी कि 02 मार्च की मध्यरात्रि से नेपाल–भारत सीमा पर सामान्य आवागमन अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। हालांकि इस दौरान एंबुलेंस, पेट्रोलियम, एलपीजी और अन्य आवश्यक व आपातकालीन सेवाओं का संचालन दोनों देशों के प्रशासन के आपसी समन्वय से जारी रहेगा।
जिलाधिकारी ने नेपाली प्रशासन को आश्वस्त किया कि आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अराजक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए ठोस रणनीति पर सहमति बनी है। बैठक में पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना सहित भारत और नेपाल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।






