युवा स्वस्थ रहेगा तो भारत भी सुरक्षित रहेगा: भारती प्रवीण पवार

ऋषिकेश । केंद्रीय राज्य हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर मंत्री भारती प्रवीण पवार ने कहा कि युवा स्वस्थ रहेगा तो भारत भी सुरक्षित रहेगा, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी युवाओं के प्रति काफी जागरूक हैं, जो कि युवाओं के भविष्य को लेकर सभी प्रकार की सुविधाएं भी उपलब्ध करवा रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री पंवार शुक्रवार को यूथ-20 कंन्सल्टेशन का एम्स ऋषिकेश में चल रहे दो दिवसीय वाई-20 सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। यह सम्मेलन विभिन्न देशों से आए डेलिगेट्स के विचार मंथन के दौरन युवाओं को खेलो इंडिया और स्वास्थ्य को लेकर नई दिशा उपलब्ध कराने में काफी हद तक सफल रहा। समिट के दूसरे दिन होलिस्टिक हेल्थ काॅन्कलेव कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय और राज्य के मंत्रियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट व्यक्तियों ने अपने विचार रखे।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य हेल्थ एंड फैमिली वैलफेयर मंत्री ने कहा कि गंगा किनारे वाई-20 सम्मेलन के दौरान प्रतिनिधि भी शांति और आध्यात्मिकता का अनुभव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति प्रेरित किया जाना अत्यंत आवश्यक है । युवा स्वस्थ रहेगा तो भारत भी सुरक्षित रहेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी युवाओं के प्रति काफी जागरूक हैं, जो युवाओं को खेलो इंडिया के तहत सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। यह सम्मेलन भी युवाओं को प्रेरणा देने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि खेल के प्रति युवाओं को प्रेरणा देने के लिए प्रधानमंत्री, केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर और उनकी पूरी टीम काफी प्रयत्नशील है । उन्होंने कहा कि भारत में हमारी प्राचीन योगा पद्धति ने अनेक बीमारियों से जूझने की शक्ति दी है। डिजिटल स्वास्थ्य ने भी काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इस मौके पर उत्तराखंड के शहरी एवं विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि वाई-20 सम्मेलन के दौरान स्वास्थ्य और खेल को लेकर किए जा रहे दो दिन से मंथन के दौरान बहुत कुछ निकलने वाला है, जिसमें महत्वपूर्ण भागीदारी युवाओं की है। भारत ही एक ऐसा देश है, जिसकी पहचान नौजवान युवाओं के देश के रूप में बनी है। प्रेमचंद ने कहा कि ऋषिकेश में बना एम्स मरीजों को उपचार के साथ स्वास्थ्य लाभ देने में भी सहायक सिद्ध हुआ है, जिसमें पहाड़ी क्षेत्रों के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों की हैली सेवा से यहां लाकर उपचार किया जा रहा है। वहीं ड्रोन के माध्यम दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जा रही है।
सम्मेलन में उत्तराखंड महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, नगर निगम मेयर अनीता ममगांईं, सहित नेशनल मेडिकल कांउन्सिल के अध्यक्ष प्रो बीएन गंगाधर, पीजीआईईएमआर चण्डीगढ़ के पूर्व निदेशक प्रो केके तलवार, एम्स मंगलागिरी के निदेशक प्रो मुकेश त्रिपाठी, उपनिदेशक प्रशासन एम्स ले कर्नल एआर मुखर्जी, डीन एकेडेमिक्स प्रो जया चतुर्वेदी, चिकित्सा अधीक्षक प्रो0 संजीव कुमार मित्तल सहित संस्थान के विभिन्न विभागों के संकायगणों सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।






