इंडिगो की उड़ानें घटीं, किराया बढ़ा — लखनऊ से मुंबई-दिल्ली-बेंगलुरु रूट सबसे ज्यादा प्रभावित
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश पर इंडिगो 10% उड़ानें कम करेगा; यात्रियों की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

जन एक्सप्रेस लखनऊ। देशभर में पिछले एक सप्ताह से इंडिगो की उड़ान सेवाएं लगातार प्रभावित होने के बाद अब इसका बड़ा असर राजधानी लखनऊ के यात्रियों पर पड़ने जा रहा है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के निर्देश के बाद इंडिगो अपनी कुल उड़ानों में 10 प्रतिशत की कटौती करने की तैयारी में है। सूत्रों के अनुसार सबसे ज्यादा कटौती मुंबई, दिल्ली और बेंगलूरू रूट पर होने की संभावना है।अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से फिलहाल रोजाना लगभग 144 फ्लाइट्स संचालित होती हैं, जिनमें से करीब 80 उड़ानें इंडिगो की हैं। इन्हीं में से बहुत बड़ी संख्या मुंबई (20 उड़ान), दिल्ली (10 उड़ान) और बेंगलूरू (6 उड़ान) रूट पर है। माना जा रहा है कि इंडिगो इन तीन प्रमुख रूटों पर 8 से 10 उड़ानें कम कर सकती है।
किराया बढ़ने की आशंका, सीटों की कमी बढ़ाएगी परेशानी वर्तमान में लखनऊ–मुंबई किराया: ₹5,000–₹5,500, लखनऊ–दिल्ली किराया: लगभग ₹4,000 लखनऊ–बेंगलूरू किराया: करीब ₹6,000 उड़ानें घटते ही सीटों की उपलब्धता कम होगी, जिससे एयरलाइंस कंपनियों को टिकट दर बढ़ाने का मौका मिलेगा। ऐसे में यात्रियों को यात्रा के लिए जेब ढीली करनी होगी। पिछले एक सप्ताह से देशभर में इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द हो रही थीं। लखनऊ एयरपोर्ट पर भी रोजाना दर्जनों उड़ानें निरस्त हो रही थीं। लगातार बढ़ती अव्यवस्थाओं के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इंडिगो को उड़ानें कम करने का निर्देश जारी किया है।






