उत्तराखंड

न हेलीकॉप्टर, न सड़क… बीमार महिला को तारों से लटकाकर पार कराया नाला

जन एक्सप्रेस उत्तराखंड पिथौरागढ़: स्वास्थ्य सेवा की हकीकत उजागर सड़क से 18 किमी दूर कनार गांव में बीमार महिला को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने जान जोखिम में डाल रेस्क्यू किया। हेलीकॉप्टर नहीं मिलने पर दो तारों के सहारे उफनते नाले को पार कराया गया। सिस्टम फेल, जज्बा अव्वल: डोली से 10 किमी, फिर तारों से नाला पार, फिर 8 किमी पैदल पिथौरागढ़ के कनार गांव की 59 वर्षीय कलावती देवी की तबीयत तीन दिन पहले बिगड़ी। हाथ-पैर में सूजन के बाद परिवार ने हेलीकॉप्टर की मांग की, लेकिन उत्तरकाशी में आपदा कार्यों में व्यस्त होने के कारण नहीं मिल सका। गुरुवार को ग्रामीणों ने महिला को डोली में बांधा और 10 किमी पैदल चलकर खेतिखान तक पहुंचे।

बरसाती नाले पर टूटा पुल, SDRF ने दो तारों से बनाई अस्थायी रोपवे

खेतीखान पहुंचने पर बरसाती नाले का पुल टूटा मिला। SDRF की टीम ने दो मजबूत तारों से रिवर क्रॉसिंग तैयार की। स्ट्रेचर पर महिला को बांधा गया और तारों के सहारे नाले के पार पहुंचाया गया। इसके बाद महिला को 8 किमी और पैदल ले जाकर वाहन से जिला अस्पताल भेजा गया।

SDM बोले – हेलीकॉप्टर आपदा में लगा था, SDRF से कराई मदद

धारचूला के प्रभारी एसडीएम मनजीत सिंह ने बताया कि हेलीकॉप्टर वर्तमान में उत्तरकाशी आपदा कार्यों में तैनात है, इसलिए मौके पर SDRF की टीम को भेजा गया। टीम ने साहसिक कार्य करते हुए महिला को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

दूसरा दृश्य: गधेरों से बच्चे स्कूल, कंधे पर बस्ते नहीं… बच्चों को लादे दिखे मां-बाप

खीड़ा गांव: टूटी सड़क, उफनाता गधेरा, स्कूल जाने के लिए बच्चों को पीठ पर लाद रहे अभिभावक बीते दो दिनों की भारी बारिश के कारण गोदी-खीड़ा मोटर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया। खीड़ा से एक किमी पहले ग्वाली गधेरा उफान पर है, जहां सड़क पूरी तरह बह गई। स्थानीय लोगों ने पत्थर डालकर अस्थायी रास्ता तैयार किया है।

स्कूल भेजने का संघर्ष: मां-बाप जान जोखिम में डाल बच्चों को पार करा रहे गधेरा

कंधे पर बस्ते की जगह अब बच्चों को ही उठाना पड़ रहा है। अभिभावक जान जोखिम में डालकर उफनते गधेरों के पत्थरों पर बच्चों को पीठ पर लादकर स्कूल पहुंचा रहे हैं। यह दृश्य राज्य की दुर्गम क्षेत्रों की हकीकत बयां करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button