जौनपुर: नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: नगर पंचायत कचगांव के अध्यक्ष फिरोज खान ने सभासदों द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह से निराधार और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं और इनका उद्देश्य केवल उनकी छवि को धूमिल करना है।
नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज खान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि कुछ सभासद निजी स्वार्थ और राजनीतिक कारणों से उनके खिलाफ अनावश्यक आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के हित में किए जा रहे विकास कार्यों से कुछ लोग असहज हैं और इसी कारण ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।
अध्यक्ष फिरोज खान ने यह भी खुलासा किया कि कुछ महीने पहले उन पर जानलेवा हमला कराने का प्रयास किया गया था, जिसकी शिकायत उन्होंने संबंधित थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि उस घटना के बाद भी वे लगातार जनता की सेवा और नगर पंचायत के विकास कार्यों में जुटे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत कचगांव में बीते समय में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें सड़क निर्माण, नाली निर्माण, साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार, पेयजल सुविधा, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य जनहितकारी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर पंचायत की अधिकांश जनता उनके कार्यों से संतुष्ट है और लगातार समर्थन दे रही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि सरकार द्वारा समय-समय पर बजट के माध्यम से नगर पंचायत को सहयोग मिल रहा है, जिससे विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य नियमानुसार और पारदर्शिता के साथ कराए जा रहे हैं, किसी भी प्रकार की गड़बड़ी का आरोप पूरी तरह निराधार है।
फिरोज खान ने कहा कि यदि किसी सभासद को किसी कार्य को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव है, तो वह लोकतांत्रिक तरीके से चर्चा के माध्यम से रखा जा सकता है। लेकिन बिना तथ्यों के आरोप लगाना न केवल अनुचित है, बल्कि जनता को भ्रमित करने का प्रयास भी है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी भी जांच से डरते नहीं हैं और यदि प्रशासन स्तर पर जांच होती है तो सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका पूरा कार्यकाल जनता की सेवा और नगर पंचायत के समग्र विकास को समर्पित है।
गौरतलब है कि हाल ही में नगर पंचायत कचगांव के कुछ सभासदों द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत अध्यक्ष पर वित्तीय गड़बड़ी और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। इन्हीं आरोपों के जवाब में अध्यक्ष फिरोज खान ने मीडिया के माध्यम से अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखी है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने अंत में कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करते रहेंगे और किसी भी प्रकार के दबाव या राजनीति से प्रभावित हुए बिना विकास कार्य जारी रहेंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और सच्चाई को समझें।
बाइट – नगर पंचायत अध्यक्ष कचगांव फिरोज खान
“मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। यह राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हैं। नगर पंचायत में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं और जनता हमारे काम से संतुष्ट है।”






