जन एक्सप्रेस।जौनपुर
अपराध की रोकथाम और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खुटहन थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। बीती रात थाना खुटहन क्षेत्र अंतर्गत पुलिस मुठभेड़ में ₹25,000 का इनामी शातिर गो-तस्कर कलीम पुत्र अब्दुल सलाम, निवासी ग्राम रानीमऊ, थाना खेतासराय, जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।
मुठभेड़ का घटनाक्रम:
प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे, जब उन्हें वांछित इनामी अपराधी की मौजूदगी की सूचना मिली। टीम ने रात करीब 10:15 बजे मरहट पुलिया से आगे बड़नपुर भट्टा के पास संदिग्ध को रोकने की कोशिश की। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
अभियुक्त से बरामदगी:
पुलिस टीम ने मौके से आरोपी के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया:
एक चोरी की मोटरसाइकिल
एक तमंचा
एक खोखा कारतूस
एक जिंदा कारतूस (मिस फायर)
₹700 नकद
घायल आरोपी को तत्काल सीएचसी खुटहन भेजा गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
अभियुक्त के खिलाफ दर्ज मुकदमा:
गिरफ्तार अभियुक्त पर पूर्व में मु.अ.सं. 100/2025, धारा 111 बी.एन.एस., 3/5A/8 गोवध निवारण अधिनियम तथा 11 पशु क्रूरता अधिनियम, थाना खुटहन के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक अंजाम दी गई।
Back to top button