अनुकंपा नौकरी विवाद में डीएम का बड़ा फैसला, मां की पसंद को मिली प्राथमिकता
डीएम के सामने छलका मां का दर्द, तीसरे बेटे के नाम पर लगी मुहर, वीडियोग्राफी के साथ प्राथमिकता पर कार्रवाई के निर्देश

जन एक्सप्रेस।महराजगंज। जनपद निचलौल तहसील के नजारत अनुभाग में कार्यरत नियमित चपरासी स्वर्गीय नन्दलाल की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संवेदनशीलता और सख्ती के साथ सुनवाई करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि नियुक्ति की कार्रवाई मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा एवं सहमति के अनुसार ही सुनिश्चित की जाए।ग्राम पनेवा पनेई, थाना कोतवाली, तहसील सदर निवासी सोना देवी पत्नी स्वर्गीय नन्दलाल ने महराजगंज जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति का निधन 2 जनवरी 2026 को हो गया था। परिवार में पांच पुत्र हैं, जिनमें बड़े पुत्र अमित कुमार और दूसरे पुत्र अविनाश कुमार का विवाह हो चुका है। प्रार्थिनी ने आरोप लगाया कि बड़ा पुत्र और उसकी पत्नी उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं मारपीट करते हैं तथा अलग रहते हैं।सोना देवी ने अपने तीसरे पुत्र अभिषेक कुमार गौतम को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दिए जाने की सहमति जताई। अन्य पुत्र अविनाश कुमार, अमिताभ कुमार और आदित्य कुमार ने भी इस पर सहमति प्रदान की। प्रार्थिनी ने बताया कि उनके भरण-पोषण एवं परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन अभिषेक कुमार गौतम द्वारा किया जाएगा।
सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आरोपित पुत्र को कड़ी चेतावनी देते हुए परिवार के प्रति जिम्मेदार और मर्यादित व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता की सेवा सभी संतानों का कर्तव्य है और इसके बदले किसी प्रकार की अपेक्षा करना अमानवीय एवं निंदनीय है।जिलाधिकारी ने अतिरिक्त उपजिलाधिकारी प्रेम प्रकाश पाण्डेय को निर्देशित किया कि मृतक कर्मचारी की पत्नी की इच्छा के अनुरूप नियुक्ति संबंधी आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाए तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी सुनिश्चित की जाए।






