चित्रकूट में बाढ़ से खरीफ की फसलें तबाह! किसान तुरंत कराएं नुकसान की सूचना

जन एक्सप्रेस चित्रकूट: बीते तीन दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश और अतिवृष्टि के चलते जनपद चित्रकूट के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इससे खरीफ की फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। उप निदेशक कृषि श्री राजकुमार ने किसानों से अपील की है कि वे अपने फसलों के नुकसान की सूचना तुरंत संबंधित बीमा एजेंसियों को दें, ताकि उन्हें बीमा योजना के अंतर्गत मुआवजा मिल सके।
उन्होंने बताया कि बाढ़ से प्रभावित किसान भाई फसल बीमा की सूचना टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल करके दे सकते हैं। इसके अलावा किसान अपने नजदीकी तहसील कार्यालय, कृषि विभाग कार्यालय या फसल बीमा कार्यालय में जाकर भी अपनी फसलों का आंकलन करवा सकते हैं।
राजकुमार ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बीमित किसान मुआवजे से वंचित न रहे। इसलिए जरूरी है कि किसान समय रहते अपनी क्षतिग्रस्त फसलों की जानकारी संबंधित विभागों को दें, जिससे मुआवजा प्रक्रिया समय पर शुरू हो सके।






