श्रीराम मंदिर न्यास में नया दायित्व: कृष्णमोहन जी बने नये न्यासी
हरदोई के पूर्व वन अधिकारी और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में मिली अहम जिम्मेदारी

जन एक्सप्रेस अयोध्या:श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की आज सम्पन्न बैठक में एक अहम निर्णय लिया गया। हरदोई निवासी और भारतीय वन सेवा से सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी कृष्णमोहन जी को श्रीराममंदिर, अयोध्या के नये न्यासी के रूप में मनोनीत किया गया है। उनके चयन से हरदोई जनपद सहित समूचे उत्तर प्रदेश में हर्ष की लहर है।
वैज्ञानिक से वन अधिकारी और फिर संघ पदाधिकारी तक का सफर
कृष्णमोहन जी मूल रूप से हरदोई जिले की शाहाबाद तहसील के ग्राम सिकंदरपुर बाजार, मजरा चंद्रपुर के निवासी हैं। वर्तमान में वे हरदोई नगर में निवास कर रहे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से भूविज्ञान (Geology) में M.Sc. करने के पश्चात उन्होंने कुछ वर्षों तक परमाणु ऊर्जा विभाग में वैज्ञानिक पद पर सेवाएं दीं।बाद में 1978 में भारतीय वन सेवा (IFS) में चयनित होकर वे महाराष्ट्र राज्य के वन विभाग में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत रहे। A.P.C.C.F (Additional Principal Chief Conservator of Forests) पद से 2012 में सेवानिवृत्त होने के पश्चात वे हरदोई लौट आए।
संघ में निभाया अहम दायित्व, अब राममंदिर में नयी भूमिका
सेवानिवृत्ति के बाद राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने नगर संघ चालक, जिला संघ चालक एवं अवध प्रान्त के प्रांत संघचालक जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।वर्ष 2024 से वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक के रूप में कार्य कर रहे हैं।अब उन्हें श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास का सदस्य नियुक्त किया गया है, जो कि श्रीराममंदिर निर्माण और संचालन से संबंधित देश की एक अत्यंत प्रतिष्ठित संस्था है।
हरदोई में खुशी की लहर
कृष्णमोहन जी के न्यासी बनने की खबर से उनके गृह जनपद हरदोई में खुशी की लहर है। सामाजिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने इसे हरदोई की गरिमा और पहचान से जोड़ते हुए गौरव का क्षण बताया है।






